चित्रकूट आश्रम में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा महापर्व


गुरु पूर्णिमा पर श्री चित्रकूट आश्रम में उमड़ा आस्था का सैलाब, गुरु चरणों में नतमस्तक हुए हजारों श्रद्धालु


हरिद्वार (कमल शर्मा)। सप्तऋषि क्षेत्र स्थित श्री चित्रकूट आश्रम में गुरु पूर्णिमा महापर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने गुरु पूजन, चरण वंदन एवं आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य बनाया। पूरा आश्रम भक्ति, वैदिक मंत्रोच्चार और गुरु महिमा के जयघोष से गुंजायमान रहा।


आश्रम के अध्यक्ष श्री परमेश्वर दास जी महाराज ने अपने संदेश में कहा कि गुरु ही वह दिव्य शक्ति हैं जो अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही मनुष्य जीवन का वास्तविक उद्देश्य प्राप्त कर सकता है। गुरु के प्रति श्रद्धा, सेवा और समर्पण ही आध्यात्मिक उन्नति का सबसे बड़ा आधार है।
वहीं आश्रम के सचिव श्री धर्मेंद्र कौशिक ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महान पर्व है। यह दिन हमें अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। गुरु का सान्निध्य व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाता है और समाज को संस्कारवान एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, सत्संग एवं प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने गुरु महिमा का गुणगान करते हुए गुरु पूर्णिमा महोत्सव को भव्य एवं अविस्मरणीय बना दिया l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *