श्रमजीवी पत्रकार यूनियन में फिर गूंजा विश्वास का स्वर, तीसरी बार ज्ञान प्रकाश पांडे बने जिलाध्यक्ष


विनीत धीमान फिर महामंत्री, देवम मेहता को दोबारा कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी; महिला विंग के विस्तार का दायित्व कमल शर्मा को

हरिद्वार। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की आम बैठक रविवार को नेहरू युवा केंद्र, भगत सिंह चौक में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति एवं ध्वनि मत से लगातार तीसरी बार ज्ञान प्रकाश पांडे को जिलाध्यक्ष चुना गया। उनके नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उपस्थित पत्रकारों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में विनीत धीमान को पुनः जिला महामंत्री तथा देवम मेहता को एक बार फिर कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं प्रदेश नेतृत्व ने संगठन के विस्तार को गति देने के उद्देश्य से कमल शर्मा को महिला विंग में अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने और संगठन को मजबूत करने का दायित्व सौंपा।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री विश्वजीत नेगी ने कहा कि श्रमजीवी पत्रकार यूनियन पत्रकारों के हितों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रही है और आगे भी पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा तथा अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार इकाई लगातार सक्रिय और मजबूत रही है तथा नवनिर्वाचित टीम के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश पांडे ने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तीसरी बार मिली यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि यूनियन प्रत्येक पत्रकार के सुख-दुख में साथ खड़ी रहेगी, पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और संगठन को जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक मजबूत किया जाएगा।
बैठक के दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजना, सदस्यता अभियान तथा पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने संगठन को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री विश्वजीत नेगी सहित यूनियन के अनेक पदाधिकारी एवं जिले के पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *