निर्जला एकादशी पर सेवा का संकल्प: तपती धूप में भाजपा नेता विकास गुप्ता ने कराया शीतल शरबत वितरण

हरिद्वार (कमल शर्मा)। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर सप्तऋषि क्षेत्र में श्रद्धा, सेवा और जनकल्याण का अनुपम संगम देखने को मिला। भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच सप्तऋषि भाजपा मंडल मंत्री एवं किसान मोर्चा मंत्री विकास गुप्ता के नेतृत्व में राहगीरों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को शीतल शरबत का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत ग्रहण कर आयोजकों को साधुवाद दिया।
हिंदू धर्म में निर्जला एकादशी का विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से व्रत एवं सेवा करने से वर्ष भर की समस्त एकादशियों का पुण्य प्राप्त होता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए विकास गुप्ता ने जनसेवा के इस पुनीत कार्य को संपन्न कराया।
इस अवसर पर विकास गुप्ता ने कहा कि, “निर्जला एकादशी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि मानव सेवा का भी संदेश देती है। इस भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को ठंडा शरबत पिलाना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। समाज सेवा और जनहित ही हमारे जीवन का मूल उद्देश्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘सेवा ही संगठन’ के मंत्र को हम धरातल पर उतारने का प्रयास कर रहे हैं।”
वार्ड नंबर 2 से पार्षद प्रतिनिधि विदित शर्मा ने कहा कि जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है तथा वे सदैव क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए कार्य करते रहेंगे। उल्लेखनीय है कि विकास गुप्ता पूर्व में विधानसभा प्रत्याशी भी रह चुके हैं और क्षेत्र में उनकी सक्रिय सामाजिक एवं जनसेवी छवि के कारण उन्हें व्यापक जनसमर्थन प्राप्त है।
शरबत ग्रहण करने पहुंचे श्रद्धालु राजेश शर्मा ने कहा, “आज की भीषण गर्मी में यह सेवा कार्य बहुत सराहनीय है। ऐसे आयोजन लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ समाज में सेवा की भावना भी जागृत करते हैं।”
वहीं महेश कुमार ने कहा, “निर्जला एकादशी जैसे पावन पर्व पर प्यासे लोगों को शीतल पेय उपलब्ध कराना अत्यंत पुण्य का कार्य है। विकास गुप्ता और उनकी टीम बधाई की पात्र है।”
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने विकास गुप्ता के जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे क्षेत्र में विकास और समाज सेवा की एक मजबूत पहचान बन चुके हैं। शरबत वितरण कार्यक्रम देर तक चलता रहा और सैकड़ों लोगों ने इसका लाभ उठाया l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *