किसानों की एकजुटता से मजबूत होगी आवाज, मुजफ्फरनगर प्रस्थान को लेकर तैयारियां पूरी : प्रियव्रत


हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा के नेतृत्व में किसानों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मंगलवार 23 जून को मुजफ्फरनगर के लिए प्रस्थान किया जाएगा। इस संबंध में संगठन द्वारा सभी किसान भाइयों से अधिक से अधिक संख्या में अपनी टीम और वाहनों के साथ शामिल होने का आह्वान किया गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 9:00 बजे राष्ट्रीय कार्यालय ट्रांसपोर्ट नगर से काफिला रवाना होगा, इसके पश्चात 10:00 बजे कॉल की टोल तथा 10:30 बजे रामपुर तिराहा पर अन्य किसान साथियों से मिलन एवं आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा ने कहा कि किसानों की समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई को मजबूती देने के लिए संगठन लगातार सक्रिय है। उन्होंने सभी किसान भाइयों से अनुशासित ढंग से अपनी-अपनी टीम और वाहनों के साथ समय पर पहुंचने की अपील की।
वहीं पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद प्रिया व्रत ने कहा कि किसानों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन किसानों के सम्मान, अधिकार और हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है। मुजफ्फरनगर के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम किसानों की एकजुटता और संगठन की मजबूती का प्रतीक होगा। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि जब किसान संगठित होकर अपनी बात रखते हैं तो उनकी आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों के स्वाभिमान और अधिकारों की आवाज को बुलंद करने का संकल्प है। सभी किसान भाई एकजुट होकर इस अभियान को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *