आर्य समाज नंद विहार के योग शिविर के दसवें दिन नीरज चौहान का सम्मान, बड़ी संख्या में लोगों ने किया योगाभ्यास
रुड़की(कमल शर्मा)शहीद स्मारक स्थल स्थित ऐतिहासिक वटवृक्ष के नीचे आर्य समाज नंद विहार द्वारा आयोजित दस दिवसीय योग शिविर के दसवें दिन शनिवार को उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास कराया गया। कार्यकारिणी सदस्य एवं योगाचार्या श्रीमती सरिता बर्थवाल ने उपस्थित सभी साधकों को योगासन, व्यायाम, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराते हुए स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

इस अवसर पर शिविर के प्रारंभ से नियमित रूप से सहभागिता कर रहे श्री नीरज चौहान को आर्य समाज नंद विहार के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी, शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के अध्यक्ष नीरज सैनी, योगाचार्या सरिता बर्थवाल एवं महिलाओं द्वारा ओ३म् अंकित अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

योगाचार्य संगीता बर्थवाल ने कहा कि “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि तन, मन और आत्मा को संतुलित करने की एक दिव्य साधना है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति में अनुशासन, सकारात्मक सोच और संस्कारों का विकास होता है। आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग ही स्वस्थ और निरोग जीवन का सबसे सशक्त माध्यम है।”

वहीं आर्य समाज नंद विहार के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि “महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों से प्रेरित होकर आर्य समाज समाज में स्वास्थ्य, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। निरंतर योगाभ्यास से ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।”

योग शिविर में मुख्य रूप से सुभाष सैनी, युक्ति, चारू, श्रेया, सविता, सृष्टि सैनी, ललिता, लक्ष्मी चंद, प्रणव, शारदा, संगीता, अदिति, नीतू, वैदिका, बबीता, प्रिया, निशा, मयंक कुमार, अंजलि वर्मा, संजय त्यागी, नीरज चौहान सहित अनेक लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया l




