दलित युवक केतन लाल हत्याकांड पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: दोषियों को फांसी और पीड़ित परिवार को 50 लाख मुआवजे की मांग

हरिद्वार(कमल शर्मा) टिहरी जनपद के प्रतापनगर ब्लॉक की ओण पट्टी स्थित देवल गांव निवासी केतन लाल की कथित निर्मम हत्या और उसके साथी दिवाकर पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ग्रामीण (अनुसूचित जाति विभाग) ने जोरदार आवाज उठाई। कांग्रेस नेताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट हरिद्वार को सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की।


जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 8 जून 2026 को खोलगढ़ बल्ला निवासी यशवीर पंवार द्वारा केतन लाल और उसके मित्र दिवाकर को बुलाया गया, जिसके बाद दोनों युवकों के साथ कथित रूप से पूरी रात अमानवीय अत्याचार किया गया। ज्ञापन में दावा किया गया कि आरोपियों ने दोनों युवकों को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, उनके हाथ-पैरों में कीलें ठोंकीं तथा नाखून उखाड़े। गंभीर रूप से घायल केतन लाल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया, जबकि दिवाकर अभी भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।


कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने राष्ट्रपति के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों को फांसी की सजा दिलाई जाए। साथ ही मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायल दिवाकर के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। संगठन ने दोनों परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की।


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज को झकझोरने वाली हैं और यदि दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो जनता का कानून व्यवस्था से विश्वास कमजोर होगा। उन्होंने सरकार से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।


इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष मनोज जाटव, प्रताप सिंह राणा, हिमांशु बहुगुणा, सुभाष कुमार, सचेत कुमार, अमित नौटियाल, राजीव कुमार, दीपक, संजय सैनी, मनोज सैनी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद प्रियव्रत, बालेश्वर सिंह, मनोज धनगर सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *