हरिद्वार। श्री गोविन्द घाट स्थित गोविन्दपुरी, रानीपुर मोड़ में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 24 मई से प्रारंभ हुई इस दिव्य कथा में प्रतिदिन भक्तजन भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसपान कर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

कथा के तीसरे दिन कथा व्यास आचार्य महादेव भट्ट ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, माखन चोरी, पूतना वध एवं गोवर्धन लीला का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान विभिन्न रूपों में अवतरित होकर भक्तों की रक्षा करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं केवल मनोरंजन नहीं बल्कि मानव जीवन को प्रेम, भक्ति और सेवा का संदेश देती हैं।
उन्होंने गोवर्धन पूजा प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अभिमान का नाश कर प्रकृति पूजन और गौ सेवा का संदेश दिया। कथा के दौरान भजनों और मधुर संकीर्तन से पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूब गया। श्रद्धालु “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से झूम उठे।

कार्यक्रम में प्रतिदिन अपराह्न 4 बजे से सायं 7 बजे तक कथा का आयोजन किया जा रहा है। इससे पूर्व प्रातःकाल गणेशादि वेदी पूजन एवं कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ था। कथा का समापन 30 मई को होगा जबकि 31 मई को यज्ञ पूर्णाहुति एवं विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजक मंडल “आप और हम व सभी भक्तगण” ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की।




