भारत माता मंदिर में लगा निःशुल्क दन्त चिकित्सा शिविर, सैकड़ों लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवा का लाभ

हरिद्वार। कमल शर्मा/ मानवता की सेवा एवं जनस्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से सीमा डेन्टल कालेज एवं हॉस्पिटल द्वारा भारत माता मंदिर में निःशुल्क दन्त रोग परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर अपने दांतों की जांच कराई तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
“स्वस्थ दन्त, स्वस्थ शरीर” की थीम पर आयोजित इस शिविर में योग्य एवं अनुभवी दंत चिकित्सकों द्वारा दांतों से संबंधित विभिन्न रोगों का परीक्षण एवं आवश्यक उपचार किया गया। शिविर के दौरान लोगों को दांतों की साफ-सफाई, मसूड़ों की देखभाल तथा मुख स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया।
शिविर में दांतों की संपूर्ण जांच, दांतों की सफाई, दांत निकलवाने एवं दांतों में मसाला भरने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही शिविर में पंजीकृत मरीजों को अस्पताल में उपचार पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान करने की घोषणा भी की गई।
इस अवसर पर स्वामी ललितानंद जी महाराज ने कहा कि सेवा ही सनातन संस्कृति का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने में दांतों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं। उन्होंने सीमा डेन्टल कालेज एवं हॉस्पिटल की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रहने चाहिए।
आई डी शास्त्री ने कहा कि आज के समय में लोग दांतों की समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे आगे चलकर गंभीर बीमारियां उत्पन्न हो जाती हैं। उन्होंने लोगों से नियमित दंत परीक्षण कराने एवं मुख स्वच्छता के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
सुनील ओझा ने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों वाले लोगों को ऐसे शिविरों से काफी लाभ मिलता है और समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक संदेश जाता है।
आयोजकों ने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए दांतों का स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है और इसी उद्देश्य से समाजहित में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *