श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने ऑनलाइन नॉनवेज डिलीवरी पर रोक लगाने की मांग


नियमों और तीर्थनगरी की मर्यादा की हो रही अनदेखी-पंडित अधीर कौशिक
हरिद्वार, 9 मई। श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन से शहर में ऑनलाइन नॉनवेज डिलीवरी पर रोक लगाने की मांग की है। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने बताया कि पिछले कई दिनों से हरिद्वार में ऑनलाइन नॉनवेज डिलीवर किए जाने की शिकायतें मिल रही थी। शिकायतों की पुष्टि करने के लिए अखाड़े ने स्वयं एक ऑनलाइन आर्डर का प्रयोग किया। आर्डर करने के मात्र आधे घंटे में ही बताए गए स्थान पर नॉनवेज का पार्सल डिलीवर कर दिया गया। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि नगर निगम के नियमों और तीर्थ की मर्यादा की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। उनका आरोप है कि ऑनलाइन ऐप कंपनियां बिना किसी जांच-पड़ताल के प्रतिबंधित वस्तुओं की भी डिलीवरी कर रही हैं। जिससे हरिद्वार की धार्मिक मर्यादा प्रभावित हो रही है। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि हरिद्वार एक पवित्र तीर्थनगरी है। जहां वर्षों से मांस और मदिरा पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद यदि ऑनलाइन ऐप के जरिए प्रतिबंधित वस्तुएं आसानी से पहुंचाई जा रही हैं तो इससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल होते हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर जल्द ही जिलाधिकारी और नगर निगम के मुख्य नगर आयुक्त से मिलकर ऐसी कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। जूना अखाड़े के संत स्वामी कार्तिक गिरी ने कहा कि यदि प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया तो संत समाज आंदोलन करने को मजबूर होगा। कथा व्यास पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने कहा कि धर्मनगरी हरिद्वार में ऑनलाइन नॉनवेज डिलीवरी होना चिंताजनक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *