1857 की क्रांति की ज्वाला को नमन: रुड़की के ऐतिहासिक वटवृक्ष तले शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

रुड़की। कमल शर्मा/आर्य समाज नंद विहार रुड़की एवं शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच रुड़की के संयुक्त तत्वावधान में 10 मई 2026, रविवार को ऐतिहासिक 10 मई 1857 प्रथम स्वतंत्रता संग्राम दिवस के अवसर पर सुनहरा रोड स्थित शहीद स्मारक स्थल ऐतिहासिक वटवृक्ष पर भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर क्रांतिकारियों एवं वीरांगनाओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके महान जीवन, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति को स्मरण किया जाएगा।

कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि यह ऐतिहासिक वटवृक्ष केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि देशभक्ति और बलिदान का जीवंत प्रतीक है। इतिहास के अनुसार वर्ष 1824 में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध विद्रोह करने पर रुड़की एवं आसपास क्षेत्र के 152 देशभक्तों को इसी वटवृक्ष पर फांसी दी गई थी। यही कारण है कि यह स्थल स्वतंत्रता आंदोलन की अमिट स्मृतियों को संजोए हुए है।

आर्य समाज नंद विहार द्वारा प्रतिवर्ष शहीदों की स्मृति में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य नई पीढ़ी को देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देना है। आयोजकों का कहना है कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, उनके सपनों और राष्ट्र के प्रति समर्पण से परिचित कराया जाता है।

प्रधान जिला आर्य उप प्रतिनिधि सभा हरिद्वार एवं प्रधान आर्य समाज नंद विहार आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि देश की आजादी लाखों वीरों के बलिदान का परिणाम है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि देने का आह्वान किया।

मंत्री पुष्पेंद्र आर्य ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ना समय की आवश्यकता है। शहीदों के त्याग और संघर्ष की गाथाएं युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करती हैं।

शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के अध्यक्ष आर्य नीरज सैनी ने बताया कि कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों, वरिष्ठ समाजसेवियों तथा नगर निगम रुड़की के पर्यावरण मित्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 8:00 बजे अग्निहोत्र यज्ञ, 10:00 बजे ओ३म ध्वजारोहण तथा 10:30 बजे से क्रांतिकारियों की स्मृति में भजन एवं प्रवचन आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *