हरिद्वार। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर भूपतवाला रोड स्थित त्यागी गली, पीली कोठी के निकट आयोजित 40वें “गुरु दर्शन विशाल भण्डारे” में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम का आयोजन योगी राज श्री रामजी चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ सम्पन्न हुआ। दूर-दराज़ से पहुंचे भक्तों ने गुरु दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा विशाल भण्डारे में प्रसाद ग्रहण कियाइस
अवसर पर संत छोटू राम जी ने कहा कि गुरु ही वह दिव्य शक्ति हैं जो मानव जीवन को अज्ञान के अंधकार से निकालकर सत्य और सद्मार्ग की ओर ले जाती है। उन्होंने कहा कि बुद्ध पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं बल्कि आत्मचिंतन, सेवा और मानवता को अपनाने का संदेश देने वाला महान दिवस है। संत छोटू राम जी ने श्रद्धालुओं से प्रेम, सद्भाव और गुरु परंपरा को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया l
स्वामी योगीराज श्री राम जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि सच्चे गुरु की शरण में आने वाला व्यक्ति कभी भटकता नहीं। उन्होंने कबीर साहेब की वाणी का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु सेवा ही जीवन की सबसे बड़ी साधना है। गुरु कृपा से ही मनुष्य का जीवन सफल और सार्थक बनता है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है और समाज में प्रेम, करुणा एवं भाईचारे का भाव ही सनातन संस्कृति की वास्तविक पहचान हैl
आयोजन स्थल पर भक्ति संगीत, कबीर वाणी और सत्संग की मधुर ध्वनि से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। आयोजन में संत-महात्माओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों की विशेष उपस्थिति रही।



