प्रतिभाओं का उत्सव: Jawahar Navodaya Vidyalaya रोशनाबाद में वार्षिक समारोह धूमधाम से सम्पन्न

हरिद्वार। पीएम श्री स्कूल Jawahar Navodaya Vidyalaya रोशनाबाद में सत्र 2025-26 का वार्षिक उत्सव 29 अप्रैल 2026 को सायं 4:30 बजे विद्यालय प्रांगण में बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार श्री ललित नारायण मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व सहायक आयुक्त श्री बी.एस. रौतेला उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने अतिथियों का भव्य स्वागत किया। प्राचार्य सुनीत कुमार गुप्ता एवं उप प्राचार्य लाजपत सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराया।
प्राचार्य ने अपने वार्षिक प्रतिवेदन में बताया कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम लगातार उत्कृष्ट रहा है तथा यहां के विद्यार्थी देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन एवं सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु संचालित शैक्षणिक एवं सहगामी गतिविधियों, गुणवत्तापूर्ण भोजन व्यवस्था और खेलों में राष्ट्रीय स्तर तक की उपलब्धियों की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर छात्र सन्नी कुमार को ‘वीरगाथा 5.0’ कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रपति सम्मान मिलने और गणतंत्र दिवस परेड में आमंत्रण प्राप्त होने की विशेष उपलब्धि का उल्लेख किया गया। वहीं कक्षा 10 के परीक्षा परिणाम में कुमारी उर्वशी यादव ने 97.2% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। इनमें गढ़वाली नृत्य, कत्थक, बंसी जुगलबंदी, राग भूपाली, कव्वाली एवं अन्य आकर्षक प्रस्तुतियां शामिल रहीं। मुख्य अतिथि ने विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘नवद्वार’ का विमोचन भी किया।
इस दौरान शैक्षणिक एवं सहगामी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कक्षा 6 से 11 तक विभिन्न कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों के साथ-साथ संगीत, पेंटिंग, स्काउट-गाइड, नृत्य एवं अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
विद्यालय के सदनों में वार्षिक प्रदर्शन के आधार पर नीलगिरी सदन को चैंपियंस ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उदयगिरि, अरावली एवं शिवालिक सदन क्रमशः द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान पर रहे।
मुख्य अतिथि श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन और स्टाफ के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
अंत में उप प्राचार्य लाजपत सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका प्रियंका राय एवं कक्षा 12 के छात्रों शौर्य कुमार और शौर्य पाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *