हरिद्वार। फायर स्टेशन मायापुर की टीम ने देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सराहनीय रेस्क्यू अभियान चलाते हुए ट्रक में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 27 अप्रैल 2026 को रात्रि लगभग 01:00 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि भूपतवाला फ्लाईओवर पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है, जिसमें चालक वाहन के अगले हिस्से में बुरी तरह फंसा हुआ है।
सूचना मिलते ही फायर यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची और आइरन कटर सहित अन्य रेस्क्यू उपकरणों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। चालक का शरीर ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे निकालने के लिए फायर कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद ट्रक के अगले हिस्से को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के बाद शव को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया गया। मृतक चालक की पहचान मुरादनगर, गाज़ियाबाद निवासी के रूप में हुई है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में लीडिंग फायरमैन कृपा राम शर्मा, चालक राहुल शर्मा, फायरमैन मातबर सिंह, वीरेंद्र चौहान, चंद्र प्रकाश, कश्मीर सिंह और मदन लाल शामिल रहे, जिनकी तत्परता और साहस से यह कठिन कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
भूपतवाला फ्लाईओवर पर भीषण हादसा: ट्रक में फंसे चालक का शव कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया



