सनातन सेवा ही मेरा जीवन लक्ष्य है” – महामंडलेश्वर स्वामी राम मुनि जी महाराज

हरिद्वार।
परम पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी राम मुनि जी महाराज के जन्मदिवस के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर संत समाज और श्रद्धालुओं ने महाराज जी को हार्दिक शुभकामनाएं अर्पित करते हुए उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
अपने जन्मदिवस पर आशीर्वचन देते हुए महामंडलेश्वर स्वामी राम मुनि जी महाराज ने कहा,
“सनातन धर्म की सेवा, समाज कल्याण और मानवता की भलाई ही मेरे जीवन का उद्देश्य है। जब तक शरीर में शक्ति है, मैं धर्म रक्षा और जनसेवा के कार्यों में निरंतर लगा रहूंगा।”
महाराज जी ने आगे कहा कि आज के समय में समाज को एकजुट होकर अपने संस्कारों और परंपराओं को मजबूत करना होगा, तभी एक सशक्त और जागरूक राष्ट्र का निर्माण संभव है।


इस अवसर पर हीरो हांडा कंपनी धारूहेड़ा के श्री रामेहर जी ने विशेष रूप से उपस्थित होकर पूज्य महाराज जी को पटका पहनाकर संतों का सम्मान किया। उन्होंने संतों का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए लंगर वितरण का आयोजन भी किया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में उपस्थित संतों और श्रद्धालुओं ने महाराज जी के सरल स्वभाव, विनम्र व्यक्तित्व और सनातन धर्म के प्रति उनके अटूट समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। सभी ने एक स्वर में कहा कि महाराज जी का जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और सेवा भाव से ओतप्रोत रहा, जहां संतों के आशीर्वाद और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *