गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय का वार्षिकोत्सव ‘प्रोत्साहन होगा शुरू(Tap कर जाने कब से)

गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय का वार्षिकोत्सव ‘प्रोत्साहन’ शनिवार से शुरू हो रहा है। दो दिवसीय इस आयोजन में पहले दिन वार्षिकोत्सव कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि दूसरे दिन ‘डिजिटल फोरेंसिक और आपराधिक साक्ष्य’ विषय पर अंतरराष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ भाग लेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक प्रो. प्रभात कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा और इतिहास के संरक्षण के उद्देश्य से इस वर्ष वार्षिकोत्सव की थीम ‘प्रोत्साहन’ रखी गई है। आयोजन के तहत आईक्यूएसी द्वारा विश्वविद्यालय विकास प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार गुरुकुल कांगड़ी के इतिहास पर विशेष चर्चा करेंगे।
वार्षिकोत्सव में संवाद सत्र, कवि सम्मेलन, शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य, योग प्रदर्शन सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रथम दिन प्रसिद्ध पुरातत्वविद् डॉ. मोहन चंद्र जोशी प्रतिभागियों के साथ संवाद करेंगे। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय सभागार में पुरातत्व संग्रहालय द्वारा विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
दूसरे दिन आयोजित अंतरराष्ट्रीय शोध संगोष्ठी में विधि विज्ञान प्रयोगशाला, हैदराबाद के पूर्व निदेशक के. एल. वार्ष्णेय बीज वक्तव्य देंगे और अपने अनुभव साझा करेंगे। संगोष्ठी के संयोजक प्रो. सत्येंद्र राजपूत के अनुसार, इसमें डिजिटल फोरेंसिक और आपराधिक साक्ष्य से जुड़े विशेषज्ञ कार्यशालाओं के माध्यम से इस क्षेत्र की संभावनाओं और चुनौतियों पर चर्चा करेंगे। विश्वविद्यालय के शोधार्थी भी अपने शोध प्रस्तुत करेंगे।
कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की भूमिका और योगदान पर संवाद का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *