दलित युवक से अभद्रता के आरोप पर गरजी कांग्रेस, प्रणव सिंह चैंपियन की गिरफ्तारी की मांग को लेकर SSP कार्यालय में सौंपा ज्ञापन


हरिद्वार(कमल शर्मा)पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन पर दलित समाज के एक युवक के साथ कथित अभद्र व्यवहार, जातिसूचक एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने के आरोपों को लेकर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष तीर्थपाल रवि के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पूर्व विधायक ने दलित समाज के युवक संजीव कुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए अशोभनीय एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, जिससे अनुसूचित जाति समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मामले में निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता प्रियव्रत ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है। यदि किसी व्यक्ति ने दलित समाज का अपमान किया है तो उसके खिलाफ बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं कांग्रेस नेता महेश प्रताप राणा ने कहा कि पुलिस को निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए प्रणव सिंह चैंपियन को “उसके सही ठिकाने” तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में कानून का राज कायम रखने के लिए दोषियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाना आवश्यक है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी और अनुसूचित जाति विभाग लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *