स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारा नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है:पंडित पदम प्रकाश शर्मा

हरिद्वार(कमल शर्मा)जनपद में माननीय जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार स्वच्छता अभियान के अंतर्गत गंगा तट पर शंकर आश्रम के समीप स्थित परशुराम घर परिसर में एक विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तराखंड ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष पंडित पदम प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में उत्तराखंड ब्राह्मण सभा के समस्त पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न किया गयाl

कार्यक्रम के दौरान गंगा तट की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया तथा आमजन को स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वच्छ गंगा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान के माध्यम से धर्मनगरी हरिद्वार को एक स्वच्छ, सुंदर एवं अनुकरणीय स्वरूप प्रदान करने की दिशा में सार्थक प्रयास किया गया।

साथ ही उत्तराखंड ब्राह्मण सभा की जिला अध्यक्ष पंडित सरिता त्रिपाठी एवं डॉ. रिम्पी की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ी।

इस अवसर पर उत्तराखंड ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष पंडित पदम प्रकाश शर्मा जी ने कहा,“स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारा नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। मां गंगा हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत की प्रतीक हैं, उनकी स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। माननीय जिलाधिकारी महोदय के मार्गदर्शन में धर्मनगरी हरिद्वार को एक नए, स्वच्छ और सुंदर स्वरूप में देखने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उत्तराखंड ब्राह्मण सभा सदैव सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी।”

उत्तराखंड ब्राह्मण सभा की जिला अध्यक्ष पंडित सरिता त्रिपाठी जी ने कहा,“स्वच्छता से ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। महिलाओं एवं युवाओं की सक्रिय सहभागिता से ऐसे अभियानों को नई ऊर्जा और दिशा मिलती है। हम सभी को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेकर इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाना चाहिए।”

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने गंगा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से पंडित डॉ. राजेंद्र पराशर,
पंडित अरुणा शर्मा,पंडित भानु प्रताप कुर्ल्ड,पंडित संदीप शर्मा,
पंडित राधे श्याम शर्मा,पंडित आकाश शुक्ला,पंडित लक्ष्मी शर्मा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *