सादगी, श्रद्धा और संत समागम के बीच मनाया गया जयराम आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज का अवतरण दिवस

📰 हरिद्वार। श्री जयराम आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज का अवतरण दिवस संत महापुरुषों के सानिध्य में अत्यंत सादगी और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर संतों एवं श्रद्धालु भक्तों ने भगवान शिव की प्रतिमा भेंट कर एवं पुष्पवर्षा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और दीर्घायु की कामना की।


अवसर पर आयोजित संत समागम में विभिन्न अखाड़ों एवं संस्थाओं के संतों ने भाग लिया। संत समागम की अध्यक्षता करते हुए श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के अध्यक्ष श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज ने स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी का तिलक कर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि स्वामी ब्रह्मचारी समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी अनेक संस्थानों के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, जो सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।


इस अवसर पर हरीश रावत एवं मदन कौशिक ने भी अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। हरीश रावत ने कहा कि संत महापुरुषों का आशीर्वाद जनसेवा की प्रेरणा देता है, जबकि मदन कौशिक ने स्वामी ब्रह्मचारी के नेतृत्व में आश्रम द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों को अनुकरणीय बताया।


महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद ने स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी को त्याग, तपस्या और सेवा की प्रतिमूर्ति बताते हुए संत समाज का प्रेरणा स्रोत कहा। वहीं भारत माता मंदिर के महंत एवं निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी महाराज तथा निर्मल अखाड़े के कोठारी महंत जसविंदर सिंह महाराज ने कहा कि युवा संतों को उनके त्यागमयी जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।


कार्यक्रम के अंत में स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने सभी संत महापुरुषों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन स्वामी देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी महाराज से प्राप्त शिक्षाओं के मार्ग पर चलते हुए समाज को आध्यात्मिक दिशा देने और आश्रम की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


इस अवसर पर पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, सूर्यकांत धस्माना, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, पूर्व मेयर दीप शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे। आश्रम के ट्रस्टियों ने सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *