“लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं पत्रकार, उनकी गरिमा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता” — सांसद सतपाल ब्रह्मचारी
“पत्रकारों के हितों की रक्षा और संगठन को सशक्त बनाना हमारा संकल्प” — डॉ. इंदु बंसल जैन
हरिद्वार (कमल शर्मा)। राधाकृष्ण धाम, हरिद्वार में श्रमजीवी पत्रकार संघ, हरियाणा के प्रांतीय सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक पगड़ी पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए पत्रकारों का भी सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने शॉल एवं रुद्राक्ष की माला पहनाकर सम्मान किया।
अपने संबोधन में सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि “पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। समाज को सही दिशा देने और जन-जन तक सत्य पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाने का आधार है।
श्रमजीवी पत्रकार संघ, हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि “संगठन का उद्देश्य पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों के लिए संघर्ष और पत्रकारिता की गरिमा को सशक्त बनाना है। संगठन हमेशा पत्रकारों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।”
सम्मेलन में पत्रकारों के सामाजिक सरोकार, पत्रकार सुरक्षा, संगठन की मजबूती तथा बदलते मीडिया परिवेश में पत्रकारों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का वातावरण सम्मान, सौहार्द और उत्साह से सराबोर रहा तथा उपस्थित पत्रकारों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
राधाकृष्ण धाम, हरिद्वार में श्रमजीवी पत्रकार संघ, हरियाणा के प्रांतीय सम्मेलन का हुआ भव्य शुभारंभ





