“ज्वालापुर से कांग्रेस टिकट की दावेदारी मजबूत, प्रियव्रत बोले— जनता के विश्वास और संगठन की ताकत के दम पर लड़ूंगा चुनाव”

देहरादून(कमल शर्मा)पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री प्रियव्रत ने ज्वालापुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी बनने की दावेदारी औपचारिक रूप से पेश कर दी। उन्होंने देहरादून स्थित यमुना कॉलोनी आवास पर कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा चकराता विधायक प्रीतम सिंह को अपना आवेदन सौंपा।


इस अवसर पर प्रियव्रत ने कहा कि वह लंबे समय से जनसेवा और संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र की जनता के बीच लगातार सक्रिय रहते हुए उन्होंने जनसमस्याओं को उठाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी नेतृत्व उनकी निष्ठा, संगठन के प्रति समर्पण और जनाधार को देखते हुए उन्हें प्रत्याशी बनाएगा। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है तो वह पूरे समर्पण के साथ चुनाव लड़कर कांग्रेस को जीत दिलाने का कार्य करेंगे।


चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पार्टी में टिकट वितरण की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और संगठन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी। सभी दावेदारों के आवेदन गंभीरता से लिए जा रहे हैं और उनकी संगठनात्मक सक्रियता, जनस्वीकार्यता तथा जीत की संभावनाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस योग्य एवं मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी।


इस दौरान सतीश कुमार राणा, मेहर सिंह बुग्गावाला, पूर्व प्रधान जगबीर सिंह, रोहतास सिंह, पवन कुमार चौहान, भूपेंद्र पाल, चिंटू तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य कैलाश चंद सहित अनेक समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने प्रियव्रत की दावेदारी का समर्थन करते हुए पार्टी नेतृत्व से उन्हें ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *