हरिद्वार ,कमल शर्मा/ 18 मई 2026।जयपुर स्थित राजगढ़ हाउस दादू पंथी ठिकाना पीठ गंगाबाग के महंत श्री प्रकाश दास महाराज सोमवार को हरिद्वार स्थित दादू दयाल आश्रम से पवित्र चारधाम यात्रा के लिए विधिवत रवाना हुए। इस अवसर पर आश्रम परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। आश्रम के संतों, श्रद्धालुओं एवं सेवकों ने महंत श्री को पुष्पमालाएं पहनाकर एवं मंगलकामनाओं के साथ विदाई दी।

आश्रम के व्यवस्थापक भारत भूषण जोशी ने हरी झंडी दिखाकर महंत श्री को यात्रा के लिए रवाना किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण और जयकारों से पूरा आश्रम गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने महंत श्री से देश, प्रदेश और समस्त मानव समाज के कल्याण की प्रार्थना करने का आग्रह किया।महंत श्री प्रकाश दास महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं बल्कि आत्मिक शुद्धि, सनातन संस्कृति के संरक्षण और राष्ट्र कल्याण की साधना का माध्यम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पवित्र देवभूमि सदैव संतों और श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रही है और चारधाम यात्रा प्रत्येक सनातनी के लिए विशेष महत्व रखती है।

आश्रम व्यवस्थापक भारत भूषण जोशी ने कहा कि महंत श्री का चारधाम यात्रा पर जाना समस्त दादू पंथ समाज के लिए गौरव और आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि महंत श्री सदैव समाज को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करते रहे हैं और उनकी यह यात्रा देश में सुख, शांति और समृद्धि का संदेश लेकर आएगी।पंडित योगेश महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा भारतीय सनातन परंपरा की आत्मा है। उन्होंने महंत श्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संतों का आशीर्वाद समाज को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है और ऐसी यात्राएं धर्म एवं संस्कृति को मजबूत करने का कार्य करती हैं।इस अवसर पर आश्रम से जुड़े अनेक संत, श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



