ब्रह्मलीन गुरुदेव को भावभीनी श्रद्धांजलि: बाल विदुषी आश्रम में संत समागम, विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब


हरिद्वार। भागीरथी नगर, भूपतवाला स्थित बाल विदुषी आश्रम में ब्रह्मलीन गुरुदेव की पावन स्मृति में श्रद्धांजलि सभा एवं विशाल संत भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महामंडलेश्वर परम पूज्य सुधा योगी जी महाराज एवं परम पूज्य रमा योगी जी महाराज के पतित पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।
श्रद्धांजलि सभा में हरिद्वार के विभिन्न मठ, मंदिर एवं आश्रमों से पधारे संत-महात्माओं ने ब्रह्मलीन गुरुदेव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आध्यात्मिक जीवन, सेवा, त्याग और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण किया। संतों ने कहा कि गुरुदेव के आदर्श सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
इसके उपरांत आयोजित विशाल संत भंडारे में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने सत्संग एवं ज्ञान की अमृतवर्षा का लाभ लेकर अपने जीवन को धन्य और कृतार्थ बताया।
हिसार से आए भक्त नरेंद्र गर्ग ने कहा कि “ब्रह्मलीन गुरुदेव का संपूर्ण जीवन मानव सेवा, आध्यात्मिक जागरण और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित रहा। उनके बताए सेवा, संस्कार और सदाचार के मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में एकता, संस्कार और धर्म के प्रति आस्था और अधिक सुदृढ़ होती है।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा का समापन विश्व शांति, राष्ट्र कल्याण एवं मानवता के मंगल की प्रार्थना के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *