देहरादून। प्रदेश के राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर 27 नवंबर को संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर परेड ग्राउंड से सचिवालय तक विशाल ऐतिहासिक महारैली निकाली गई। महारैली में एसीपी (आश्वासित कैरियर प्रोन्नति) के तहत 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर मिलने वाले प्रोन्नत वेतनमान को पूर्व की भांति बहाल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इस आंदोलन में गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए कर्मचारियों की मांग को अपना समर्थन दिया।
गौरतलब है कि वर्ष 2012-13 में तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की सरकार द्वारा राज्य कर्मचारियों को 10, 16 एवं 26 वर्ष की सेवा पर प्रोन्नत वेतनमान देने का प्रावधान किया गया था। इसके तहत ऐसे कर्मचारियों को, जिन्हें अपने पूरे सेवाकाल में पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पाता था, निर्धारित सेवा अवधि पूरी होने पर तीन वित्तीय लाभ प्रदान किए जाने की व्यवस्था थी। इससे कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा और वेतन वृद्धि का लाभ मिलता था।
लेकिन वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता लागू होने के बाद शासनादेश को निरस्त कर दिया गया। संगठन का आरोप है कि शासन में बैठे अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री एवं चुनाव आयोग के हस्ताक्षरों के माध्यम से इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया। चुनाव संपन्न होने के बाद जब कर्मचारियों को इसकी जानकारी मिली तो उनमें निराशा फैल गई। इसके बाद से ही राज्य कर्मचारी लगातार एसीपी व्यवस्था की बहाली की मांग को लेकर संघर्ष और आंदोलन करते आ रहे हैं।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था के समाप्त होने से हजारों कर्मचारियों को वेतन वृद्धि का लाभ नहीं मिल पाया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। कर्मचारियों की इसी जायज मांग को लेकर संयुक्त मोर्चा द्वारा महारैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाते हुए अपर जिलाधिकारी, देहरादून को ज्ञापन सौंपा गया और एसीपी के पुराने लाभ को शीघ्र बहाल करने की मांग की गई।
महारैली में गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह, जिला अध्यक्ष ठाकुर शेर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष श्री दिनेश जोशी एवं जिला सचिव दीपचंद शर्मा सहित अनेक पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
पेंशनर्स संगठन की भागीदारी ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कार्मिकों के हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन एकजुट होकर संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध है। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए एसीपी 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर प्रोन्नत वेतनमान की व्यवस्था को जल्द बहाल करेगी।
एसीपी 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर प्रोन्नत वेतनमान बहाली की मांग को लेकर देहरादून में उमड़ा कर्मचारियों का सैलाब, सचिवालय तक निकाली ऐतिहासिक महारैली ,गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन ने भी बढ़-चढ़कर की भागीदारी, अपर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन














