जरूरतमंद बच्चों की मदद को आगे आए अस्मिता फाउंडेशन और फुलकारी पंजाबी एनजीओ क्लब
जागृति निशुल्क शिक्षा केंद्र में बच्चों को बांटे जूते, मोजे, पाठ्य सामग्री और खाद्य पदार्थ
हरिद्वार (कमल शर्मा)। समाजसेवा और मानवता की भावना को साकार करते हुए अस्मिता फाउंडेशन और फुलकारी पंजाबी एनजीओ क्लब की ओर से शिवालिक नगर फेस-1 स्थित जागृति निशुल्क शिक्षा केंद्र में पढ़ने वाले छोटे बच्चों को जरूरत की सामग्री वितरित की गई। इस दौरान बच्चों को जूते, मोजे, खाने-पीने का सामान, ड्राइंग बुक और रंग (क्रेयॉन) प्रदान किए गए। इस पहल से बच्चों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
कार्यक्रम में अस्मिता फाउंडेशन की संस्थापक एवं सचिव मानसी मिश्रा, सुनीला बवेजा सहित फुलकारी पंजाबी एनजीओ क्लब की चेयरपर्सन मालवी विज और ममता शर्मा, चारू शुक्ला सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने बच्चों के बीच समय बिताया और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया।
सुनीला बवेजा ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की सहायता करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। बच्चों को शिक्षा से जुड़ी सामग्री और दैनिक जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध कराने से उन्हें आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को ऐसे बच्चों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, ताकि आर्थिक अभाव उनकी पढ़ाई और विकास में बाधा न बने।
अस्मिता फाउंडेशन की संस्थापक एवं सचिव मानसी मिश्रा ने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उनकी शिक्षा में सहयोग करना सबसे संतोषजनक कार्यों में से एक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए। सामाजिक संस्थाओं की छोटी-छोटी पहल भी बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। उन्होंने जरूरतमंद बच्चों के सहयोग के लिए फुलकारी पंजाबी एनजीओ क्लब के सदस्यों की सराहना की।
फुलकारी पंजाबी एनजीओ क्लब की चेयरपर्सन मालवी विज ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी समाजसेवा के कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का प्रयास करती रहेगी।
फुलकारी पंजाबी एनजीओ ग्रुप की ओर से जागृति निशुल्क शिक्षा केंद्र में पढ़ने वाले छोटे बच्चों को वितरित की गई जरूरत की सामग्री













