हरिद्वार(कमल शर्मा)श्री स्वामिनारायण मंदिर भुज-कच्छ, गुजरात के संयोजन में जगजीतपुर में निर्मित किए जा रहे नूतन विश्रांति भवन का शिलान्यास समारोह संत-महापुरुषों और श्रद्धालु भक्तों की गरिमामयी उपस्थिति में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने की।
शिलान्यास समारोह में पहुंचे संत-महापुरुषों का महंत पुराणी स्वामी धर्मनन्दन दास महाराज, आचार्य कौशलेंद्र प्रसाद महाराज, उपमहंत स्वामी भगवद जीवन दास महाराज, कोठारी पार्षद जादवजी भगत एवं स्वामी देवप्रकाश दास ने फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि देश और धर्म को आगे बढ़ाने में गुजरात प्रांत का सदैव अग्रणी योगदान रहा है। महंत पुराणी स्वामी धर्मनन्दन दास महाराज के नेतृत्व और श्रद्धालु भक्तों के सहयोग से निर्मित होने वाला यह भव्य नूतन विश्रांति भवन उत्तराखंड की पावन धरा पर सनातन धर्म एवं अध्यात्म को नई ऊंचाइयां प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है।
आह्वान पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरुण गिरी महाराज ने सभी श्रद्धालु भक्तों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कुंभ की पूर्व संध्या पर विशाल धर्म भवन के शिलान्यास समारोह में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति स्वयं कुंभ पर्व का दर्शन करा रही है। उन्होंने कहा कि इस पुनीत कार्य के लिए पुराणी स्वामी धर्मनन्दन दास महाराज बधाई के पात्र हैं।
महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि स्वामिनारायण भगवान विष्णु के अवतार हैं। श्रद्धालु उन्हें बद्रीनारायण, सत्यनारायण और लक्ष्मीनारायण सहित विभिन्न स्वरूपों में आराध्य मानकर पूजा करते हैं।
महंत पुराणी स्वामी धर्मनन्दन दास महाराज ने सभी संत-महापुरुषों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भक्तों के सहयोग से स्थापित किया जा रहा यह भवन धर्म और अध्यात्म की धारा प्रवाहित करने के साथ ही सेवा का प्रमुख केंद्र बनेगा।
महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी महाराज ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को धर्म के मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। धर्म के मार्ग पर चलने वाले व्यक्ति का सदैव कल्याण होता है।
कार्यक्रम का संचालन स्वामी रविदेव शास्त्री ने किया। इस अवसर पर मातृसदन के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद सरस्वती महाराज, स्वामी हरिवल्लभदास शास्त्री, महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी मोहनानंद, महंत दर्शन भारती, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी दिनेश दास, स्वामी ज्योर्तियानंद, कथाव्यास स्वामी आनंद महाराज सहित अनेक संत-महंत एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे।
जगजीतपुर में गूंजा धर्म और अध्यात्म का संदेश, श्री स्वामिनारायण मंदिर भुज कच्छ गुजरात के नूतन विश्रांति भवन का हुआ भव्य शिलान्यास













