बिजनौर में अब अनिवार्य हॉलमार्किंग, ज्वैलर्स तत्काल कराएं BIS पंजीकरण
BIS Care ऐप पर उपभोक्ता देख सकेंगे हॉलमार्क वाले आभूषण की फोटो और वजन
ज्वैलर्स की सुविधा के लिए BIS लगाएगा विशेष पंजीकरण कैंप
बिजनौर, 11 सितंबर 2026। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून शाखा कार्यालय की ओर से ऋद्धि रॉयल कैसल, बिजनौर में ज्वैलर्स के लिए हॉलमार्किंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 80 ज्वैलर्स एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सर्राफा एसोसिएशन, बिजनौर के श्री विष्णु गोपाल अग्रवाल एवं श्री अखिल अग्रवाल ने उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम में BIS देहरादून के निदेशक एवं प्रमुख श्री हेमंत बी. आडे तथा हॉलमार्किंग अधिकारी श्री सचिन चौधरी ने ज्वैलर्स को हॉलमार्किंग व्यवस्था में किए गए नवीन प्रावधानों, HUID तथा उपभोक्ता हितों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
BIS अधिकारियों ने बताया कि बिजनौर अब अनिवार्य हॉलमार्किंग वाले जिलों में शामिल है। ऐसे में जिले के सभी संबंधित ज्वैलर्स को अपना BIS Jeweller Registration तत्काल प्राप्त कर लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि BIS Jeweller Registration पूरी तरह निःशुल्क है, इसकी वैधता आजीवन है तथा पंजीकरण की प्रक्रिया लगभग दो मिनट में पूरी की जा सकती है।
ज्वैलर्स की सुविधा के लिए लगेगा विशेष पंजीकरण कैंप
ज्वैलर्स को पंजीकरण कराने में सुविधा देने के लिए BIS की ओर से बिजनौर में विशेष Jeweller Registration Camp आयोजित किया जाएगा। कैंप में BIS अधिकारी एवं कर्मचारी ज्वैलर्स को मौके पर ही पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने में सहायता प्रदान करेंगे। BIS ने सभी संबंधित ज्वैलर्स से इस सुविधा का लाभ उठाकर शीघ्र पंजीकरण कराने की अपील की है।
BIS Care ऐप पर फोटो और वजन की सुविधा
BIS देहरादून के निदेशक एवं प्रमुख श्री हेमंत बी. आडे ने बताया कि BIS Care ऐप में अब हॉलमार्क वाले सोने के आभूषण की फोटो एवं वजन की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे उपभोक्ता अपने खरीदे गए आभूषण की जानकारी का सत्यापन कर सकेंगे। इससे आभूषणों की खरीद में पारदर्शिता एवं उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ेगा।
चांदी के आभूषणों के लिए छह अंकों की HUID
हॉलमार्किंग अधिकारी श्री सचिन चौधरी ने बताया कि हॉलमार्क वाले चांदी के आभूषणों के लिए भी छह अंकों की HUID (Hallmark Unique Identification) व्यवस्था लागू की गई है। उपभोक्ता BIS Care ऐप के माध्यम से HUID की प्रामाणिकता की जांच कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि HUID युक्त हॉलमार्क चांदी के आभूषणों के लिए 800 PPT न्यूनतम शुद्धता निर्धारित है।
कार्यक्रम के दौरान BIS अधिकारियों ने ज्वैलर्स को हॉलमार्किंग की नवीनतम व्यवस्था, HUID एवं BIS Care ऐप के उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ज्वैलर्स से BIS मानकों एवं हॉलमार्किंग संबंधी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को प्रमाणित एवं हॉलमार्कयुक्त आभूषण खरीदने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।













