हरिद्वार। पुण्यदाई सेवा समिति न्यास हरिद्वार की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार, 9 सितंबर 2026 को श्री उदासीन नया अखाड़ा, पहाड़ी बाजार में कोठारी नितिन दास जी के यहां संपन्न हुई। बैठक में आगामी 9 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे सतीघाट कनखल में होने वाले अस्थि विसर्जन कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति के अनुसार 8 अक्टूबर को अस्थियों को गुरुकुल नारसन बॉर्डर से कार्यकारी सदस्यों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित कर हरिद्वार स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट लाया जाएगा। इसके पश्चात 9 अक्टूबर को झांकियों एवं जनमानस की सहभागिता के साथ अस्थियों को श्रद्धापूर्वक सतीघाट, कनखल स्थित मां गंगा के पावन तट पर लाया जाएगा।

सतीघाट पर दोपहर 12 बजे मंत्रोच्चारण, दूध की धारा एवं प्रबुद्धजनों के आशीर्वचन के साथ अस्थियों को मां गंगा में श्रद्धापूर्वक प्रवाहित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर समिति ने श्रद्धालुओं एवं जनमानस से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।
पुण्यदाई सेवा समिति न्यास हरिद्वार की ओर से अवनीश गोयल ने सभी श्रद्धालुओं से सतीघाट कनखल पहुंचकर श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सहभागी बनने का निवेदन किया है।













