शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में कृष्णा नगर, कनखल में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, लोगों से रक्तदान कर जरूरतमंदों को जीवनदान देने की अपील

रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं: शिक्षक दिवस पर मानवता की सेवा को उमड़े रक्तवीर


हरिद्वार। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में मानवता की सेवा और जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने के उद्देश्य से कृष्णा नगर, कनखल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। टीम ब्लड रिलेशन हरिद्वार एवं राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हरिद्वार के संयुक्त आयोजन में आयोजित इस शिविर में लोगों से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने और मानव सेवा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
शिविर रविवार, 6 सितम्बर 2026 को प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक श्री बोड़िया वाला थल्ले के ठीक सामने, गयान प्रोविजन स्टोर के ऊपर स्थित अशोका प्रॉपर्टीज के हॉल, कृष्णा नगर, कनखल, हरिद्वार में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी गंभीर मरीज के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। उन्होंने कहा कि जब किसी अपने के जीवन को बचाने के लिए रक्त की आवश्यकता पड़ती है, तब रक्तदान के महत्व का वास्तविक एहसास होता है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर आयोजक मधुर वासन ने कहा कि “रक्तदान करें, आशा दें—मिलकर हम जीवन बचाएं” के संदेश के साथ लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि हर रक्तदाता समाज का वास्तविक नायक है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है।
रक्तदान शिविर में चिकित्सा सहयोग के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन एवं ब्लड बैंक विभाग का सहयोग रहा। साथ ही संजीवनी ब्लड सेंटर द्वारा भी स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया गया।
आयोजक मंडल ने शिविर में पहुंचने वाले सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान केवल किसी व्यक्ति को रक्त देना नहीं, बल्कि उसके जीवन और परिवार की उम्मीदों को बचाने का कार्य है।
आयोजकों ने आमजन से अपील करते हुए कहा— “आइए, रक्तदान कर मानवता की सेवा करें और अपने रक्त से किसी जरूरतमंद को जीवनदान दें।”
संयुक्त आयोजक मंडल:
टीम ब्लड रिलेशन हरिद्वार
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हरिद्वार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *