हरिद्वार(कमल शर्मा)3 सितंबर। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा, हरिद्वार के तत्वावधान में आगामी 27 सितंबर 2026 को शहीद-ए-आजम भगत सिंह जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल आर्य सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। सम्मेलन का आयोजन जस्सी स्पोर्ट्स एकेडमी, भोगपुर, हरिद्वार में किया जाएगा। इस भव्य सम्मेलन में जनपद हरिद्वार सहित विभिन्न क्षेत्रों से आर्य समाज के संन्यासी, विद्वान, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के वरिष्ठजन शामिल होंगेl

इसी क्रम में बुधवार को जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल सम्मेलन का निमंत्रण देने के लिए जिले के प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत सिंह भुल्लर, आईपीएस से भेंट कर उन्हें विशाल आर्य सम्मेलन का निमंत्रण पत्र सौंपा तथा कार्यक्रम में सम्मिलित होने का आग्रह किया। एसएसपी ने प्रतिनिधिमंडल का निमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित होने के प्रति सकारात्मक आश्वासन दिया।

इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल आचार्य बालकृष्ण जी के निवास पर पहुंचा, जहां उन्हें भी सम्मेलन का निमंत्रण पत्र भेंट कर कार्यक्रम में सम्मिलित होने का आग्रह किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं आर्य समाज के संन्यासी स्वामी यतीश्वरानंद जी महाराज से भी मुलाकात की। चूंकि सम्मेलन स्थल उनके विधानसभा क्षेत्र में आता है और वे स्वयं आर्य समाज से जुड़े संन्यासी हैं, इसलिए जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के पदाधिकारियों ने उनसे सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए मार्गदर्शन, सहयोग एवं संरक्षण प्रदान करने का आग्रह करते हुए उन्हें सादर आमंत्रित किया।

इस अवसर पर जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला प्रधान हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह का जीवन केवल एक महान क्रांतिकारी की गाथा नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, साहस, त्याग और देश के प्रति पूर्ण समर्पण की प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि“27 सितंबर को आयोजित होने वाला विशाल आर्य सम्मेलन समाज को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता और वैदिक विचारधारा से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा। हमारा प्रयास है कि जनपद हरिद्वार के साथ-साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों से आर्य समाज के विद्वान, संन्यासी और समाजसेवी इस सम्मेलन में पहुंचें। भगत सिंह जी के विचार आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। यह सम्मेलन भव्य, अनुशासित और ऐतिहासिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।”

जिला प्रधान हरपाल सिंह सैनी ने जनपद के सभी नागरिकों, आर्य समाज के अनुयायियों, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्र के वरिष्ठजनों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के वरिष्ठ प्रधान ऋषिपाल आर्य, संरक्षक टेकचंद सैनी, रविंद्र आर्य, दिलदोस आर्य, पवन आर्य, डॉ. वीरेंद्र आर्य, सुरेंद्र सिंह रोड, वंश धीमान सहित अन्य आर्य समाजी उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल जस्सी स्पोर्ट्स एकेडमी के संस्थापक दीपक सैनी भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद रहे।
इस दौरान जिन वरिष्ठजनों एवं गणमान्य व्यक्तियों को सम्मेलन का निमंत्रण दिया गया, उन्हें शहीद भगत सिंह जी का चित्र एवं ॐ अंकित पटका भेंट कर सम्मानित किया गया।
आर्य समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि भगत सिंह का जीवन युवाओं के लिए राष्ट्रप्रेम, साहस, त्याग और देश के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश है। उनके विचार आज भी युवा पीढ़ी को देश और समाज के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने की प्रेरणा देते हैं।
जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि 27 सितंबर 2026 को जस्सी स्पोर्ट्स एकेडमी, भोगपुर, हरिद्वार में आयोजित होने वाला विशाल आर्य सम्मेलन भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप में संपन्न कराया जाएगा। सम्मेलन में जनपद के सभी नागरिकों, क्षेत्र के वरिष्ठजनों, आर्य समाज के अनुयायियों तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले संन्यासियों एवं विद्वानों को सादर आमंत्रित किया गया है।
ॐ













