हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार में दिनांक 02 सितम्बर 2026, बुधवार को भूमा पीठाधीश्वर, शंकरं शंकराचार्य, अनन्तश्री विभूषित परम पूज्य स्वामी अच्युतानन्द तीर्थ जी महाराज का 73वाँ प्रकट महोत्सव (जन्मोत्सव) बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री हरक सिंह रावत, विश्व दलित परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं बहादराबाद के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रियव्रत, भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के राष्ट्रीय सलाहकार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों का शॉल ओढ़ाकर और पुष्पमालाएं अर्पित कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।

पूर्व मुख्यमंत्री हरक सिंह रावत ने स्वामी अच्युतानन्द तीर्थ जी महाराज को उनके 73वें प्रकट महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संत समाज केवल धार्मिक चेतना का ही नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा और संस्कार देने का भी कार्य करता है। संतों का मार्गदर्शन समाज और राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की पावन भूमि से देश और समाज की एकता, सद्भाव तथा जनकल्याण का संदेश निरंतर प्रसारित होता रहा है।

वहीं पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद प्रियव्रत ने कहा कि स्वामी अच्युतानन्द तीर्थ जी महाराज का जीवन समाज सेवा, सनातन संस्कृति और मानव कल्याण के लिए समर्पित है। ऐसे संतों के प्रकट महोत्सव समाज को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक चेतना के माध्यम से ही एक मजबूत एवं समरस समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के उपरांत पूर्व मुख्यमंत्री हरक सिंह रावत एवं अन्य गणमान्यजन खेलड़ी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने राजवीर चौहान के भाई के निधन पर आयोजित शोक सभा में पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

इसके पश्चात आगामी 6 और 7 सितम्बर को देहरादून में आयोजित होने वाली रैली को लेकर रणनीति और मंत्रणा के लिए जसवंत सिंह चौहान के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रैली की तैयारियों, जनभागीदारी तथा सरकार की नीतियों के विरोध में जनभावनाओं को प्रभावी ढंग से उठाने की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को जगाने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए व्यापक जनआंदोलन की आवश्यकता है। उन्होंने आगामी देहरादून रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
धार्मिक आस्था, सामाजिक संवेदना और राजनीतिक रणनीति से भरा यह दिन हरिद्वार में विशेष रूप से चर्चाओं का विषय बना रहा l













