गौमाता के नाम पर आस्था बहुत,प्रतिदिन सड़कों पर दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल और असमय मौत का शिकार हो रहे गौवंश की रक्षा आखिर कौन करेगा?



गौवंश की रक्षा हमारा कर्तव्य भी है और धर्म भी, लेकिन सवाल यह है कि प्रतिदिन सड़कों पर दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल और असमय मौत का शिकार हो रहे गौवंश की रक्षा आखिर कौन करेगा?
आज देशभर में सड़कों, राष्ट्रीय राजमार्गों और शहरों की गलियों में बड़ी संख्या में बेसहारा गौवंश घूमता दिखाई देता है। तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर प्रतिदिन न जाने कितने गोवंश घायल हो रहे हैं और अपनी जान गंवा रहे हैं। यह केवल पशु संरक्षण का विषय नहीं, बल्कि मानवता, धार्मिक आस्था और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा गंभीर प्रश्न है।
इस समस्या के लिए समाज और सरकार—दोनों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।


सबसे पहले उन लोगों को आत्मचिंतन करना चाहिए जो सुबह अपनी गायों को खुला शहर और सड़कों पर छोड़ देते हैं और शाम को वापस घर लाकर उनका दूध प्राप्त करते हैं। दिनभर गाय सड़क पर दुर्घटना, भूख, प्लास्टिक खाने और आवारा पशुओं के हमले जैसी अनेक समस्याओं का सामना करती है। क्या केवल दूध लेने तक ही हमारी जिम्मेदारी सीमित है? यदि हम गौमाता को माता का दर्जा देते हैं तो उनकी सुरक्षा और देखभाल भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
एक और गंभीर कुरीति समाज में देखने को मिल रही है। यदि गाय बछड़ी को जन्म देती है तो उसे घर में रख लिया जाता है, लेकिन कई स्थानों पर बछड़े को अनुपयोगी समझकर सड़क पर छोड़ दिया जाता है। और जब कोई इस अमानवीय व्यवहार पर सवाल उठाता है तो यह कहकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया जाता है कि “नंदी बाबा को छोड़ दिया है।”
लेकिन सवाल यह है कि क्या धार्मिक आस्था के नाम पर किसी जीव को भूख, दुर्घटना और मौत के हवाले कर देना उचित है?
दूसरी बड़ी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की भी है। वर्तमान सरकारों ने गौवंश संरक्षण के लिए कई कदम उठाए हैं और अवैध पशु कटान तथा स्लॉटर हाउसों पर कार्रवाई भी की गई है, जिसे समाज के एक बड़े वर्ग ने सकारात्मक कदम माना है। लेकिन केवल कटान रोक देना ही गौवंश संरक्षण की पूर्ण व्यवस्था नहीं हो सकता।
जब देश में बड़े-बड़े विकास कार्यों, सड़कों, राजमार्गों और विभिन्न परियोजनाओं पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा सकते हैं, तो क्या गौवंश की सुरक्षा के लिए व्यवस्थित, आधुनिक और पर्याप्त क्षमता वाली गौशालाओं का निर्माण नहीं किया जा सकता?
सरकारों को चाहिए कि प्रत्येक जिले और प्रमुख राजमार्ग क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में सुव्यवस्थित गौशालाएं और गौ-आश्रय केंद्र स्थापित किए जाएं। वहां गौवंश के लिए चारा, पानी, चिकित्सा और उचित देखभाल की स्थायी व्यवस्था हो। इसके साथ ही उन पशुपालकों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए जो अपने पशुओं को दूध या अन्य उपयोग लेने के बाद सड़कों पर बेसहारा छोड़ देते हैं।
सड़क पर घूमता गौवंश केवल गौवंश के लिए ही खतरा नहीं है, बल्कि वाहन चालकों और आम नागरिकों की जान के लिए भी गंभीर दुर्घटना का कारण बनता है। आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में इंसानों के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की भी जान जाती है।
आज आवश्यकता केवल गौवंश के नाम पर राजनीति या धार्मिक भावनाएं व्यक्त करने की नहीं, बल्कि धरातल पर ठोस और स्थायी व्यवस्था करने की है।
गौवंश की असमय मौत आज केवल किसी एक राज्य या शहर की समस्या नहीं, बल्कि पूरे भारत की चिंता का विषय बन चुकी है। समय रहते यदि समाज, पशुपालक, सरकार और प्रशासन ने मिलकर इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए तो आने वाले समय में यह समस्या और भी भयावह रूप ले सकती है।
आइए, केवल “गौमाता की जय” कहने तक सीमित न रहें, बल्कि गौमाता और गौवंश की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाएं। क्योंकि सच्ची आस्था वही है, जिसमें पूजा के साथ संरक्षण और सम्मान भी शामिल हो।
🙏 गौवंश की रक्षा—सिर्फ धर्म नहीं, हमारी सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी भी है। 🙏

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *