शिवमन्दिर में जलाभिषेक और पूजा आराधना करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है:श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज

कमल शर्मा (हरिहर समाचार)

हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि सावन देवों के महादेव भगवान शिव को समर्पित है। सावन में की गयी आराधना से प्रसन्न होकर महादेव शिव भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। चरण पादुका मंदिर में भक्तों को शिव महिमा से अवगत कराते हुए अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि हरिद्वार भगवान शिव की नगरी है। हरिद्वार में कई पौराणिक शिव मंदिर हैं। जिनमें जलाभिषेक और पूजा आराधना करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। श्रवणनाथ मठ में भगवान पशुपतिनाथ का पांच सौ वर्ष प्राचीन मंदिर स्थित है। जिसका निर्माण नेपाल के राजा ने कराया था। इस मंदिर की विशेषता है कि जो श्रद्धालु भक्त सच्चे मन और पूर्ण विधि विधान से पूजा अर्चना और भगवान शिव का जलाभिषेक करता है। भगवान पशुपतिनाथ की कृपा से उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने बताया कि यह भारत का पहला सिद्ध मंदिर है। इस मंदिर से जुड़ी एक और मान्यता है कि जो भक्त इस मंदिर में पूजा अर्चना करता है। उसे नेपाल में स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन अवश्य करने पड़ते हैं। इस अवसर पर श्रीमहंत रामरतन गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महंत दिनेश गिरी, महंत राजगिरी, स्वामी सहजानंद पुरी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *