कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
हरिद्वार, 20 जून 2025:
निरंजनी अखाड़ा परिसर में आज दिवंगत भंडारी स्वर्गीय गोविंद जोशी जी की षोडशी का आयोजन पूर्ण विधि-विधान के साथ किया गया। गोविंद जोशी जी बीते 60 वर्षों से अखाड़ा आश्रम में निस्वार्थ सेवा में रत थे। वे 80 वर्ष की आयु में स्वर्ग सिधार गए।
षोडशी कार्यक्रम में निरंजनी अखाड़ा के वरिष्ठ संतों एवं महंतों सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने गोविंद जोशी जी के तपस्वी जीवन, अनुशासित कार्यशैली और अखाड़े के प्रति उनकी निष्ठा को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर बोलते हुए स्वामी राम रतन गिरी जी महाराज ने उनके योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि स्व. गोविंद जोशी जी का जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए सेवा, समर्पण और साधना की प्रेरणा है। उन्होंने अखाड़े की व्यवस्था, रसोई, एवं दैनिक क्रियाओं में जिस निष्ठा से कार्य किया, वह अत्यंत सराहनीय रहा।
कार्यक्रम के अंत में भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
रिपोर्ट: दीपांशी