रुड़की/ (कमल शर्मा)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शहीद स्मारक स्थल स्थित ऐतिहासिक वटवृक्ष के नीचे आर्य समाज नंद विहार एवं शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 12 दिवसीय योग शिविर का भव्य समापन एवं सम्मान समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में योग, राष्ट्रभक्ति और वैदिक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारम्भ श्रीमद् दयानंद कन्या गुरुकुल, चोटीपुरा की छात्राओं कु. तोषी आर्या, श्रेया आर्या एवं अदिति आर्या द्वारा ईश्वर स्तुति, प्रार्थना, उपासना, स्वस्तिवाचन मंत्रों के उच्चारण तथा भजन प्रस्तुत कर किया गया। इसके पश्चात योगाचार्या श्रीमती सरिता बर्थवाल, कार्यकारिणी सदस्य आर्य समाज नंद विहार ने सभी योग साधकों को योगासन, व्यायाम, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर शिविर के प्रारम्भ से नियमित रूप से योगाभ्यास करने वाले साधकों को आर्य समाज नंद विहार के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी, शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के अध्यक्ष नीरज सैनी, योगाचार्या श्रीमती सरिता बर्थवाल, आर्य समाज मतलबपुर के मास्टर सोमपाल सैनी, डॉ. जयपाल सिंह एवं मातृशक्ति द्वारा ओ३म् अंकित अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
योग दिवस के अवसर पर बालक-बालिकाओं युक्ति एवं चारू को महान क्रांतिकारियों के चित्रों एवं जीवन परिचय पर आधारित पुस्तक “हमारे अमर क्रांतिकारी” भेंट कर उनमें राष्ट्रभक्ति एवं संस्कारों का संचार करने का संदेश दिया गया।
आर्य समाज नंद विहार के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन जीने की भारतीय जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती के आदर्शों एवं वैदिक संस्कृति के अनुरूप यदि प्रत्येक व्यक्ति योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बना ले, तो समाज में शारीरिक रोगों के साथ-साथ मानसिक तनाव और सामाजिक विकृतियों का भी निवारण संभव है। उन्होंने युवाओं से योग, राष्ट्रभक्ति और संस्कारों को अपनाकर सशक्त भारत के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया।
योग शिविर में पुष्पेंद्र आर्य (मंत्री, आर्य समाज नंद विहार), सुखवीर आर्य (कोषाध्यक्ष), दीपा सैनी, सोनू सैनी, नीतू चौधरी, सुरेन्द्र रोड, रविन्द्र सैनी, प्रिया, ललिता जी, लक्ष्मीचंद, प्रणव, शारदा, संगीता, अदिति, नीतू जी, वैदिका, बबीता, निशा, अंजलि वर्मा, संजय त्यागी, नीरज चौहान सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष योगाभ्यासियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन सभी के सुख, स्वास्थ्य, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना तथा “ओ३म् शान्तिः शान्तिः शान्तिः” के उच्चारण के साथ किया गया।




