हरिद्वार। कनखल स्थित गंगातट पर श्री हरी भारती संस्कृत महाविद्यालय, संन्यास रोड में कल से भव्य श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ कथा का शुभारंभ होने जा रहा है। कथा का आयोजन मां मोमाई धाम मोरागढ़ एवं रायमल धाम आश्रम अंजार से जुड़े श्रद्धालुओं के सहयोग से किया जा रहा है।

आयोजकों ने बताया कि कथा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन एवं कलश यात्रा के साथ किया जाएगा। कथा के दौरान गौ भक्त पूज्य श्री धनेश्वरभाई जोशी श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण के दिव्य प्रसंगों का रसपान कराएंगे।
इस अवसर पर बोलते हुए महामंडलेश्वर स्वामी कुर्शी पुरी जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को धर्म, भक्ति और आध्यात्मिकता से जोड़ने का सर्वोत्तम माध्यम है। कथा श्रवण से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है तथा भगवान श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम और समर्पण की भावना जागृत होती है।

प्रधान हीरा भाई के अनुसार कथा प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जाएगी। कथा के समापन अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान एवं भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।

इस अवसर पर श्री महंत 1008 कुर्शीपुरी बापू, श्री महंत शुभमगिरि बापू, श्री महंत गंगागिरि बापू सहित समस्त मोमाई मां सेवकगण एवं वरणेश्वर युवा ग्रुप ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा में पहुंचकर धर्मलाभ प्राप्त करने का आह्वान किया है।
कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं तथा कथा का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।




