हरिद्वार; शहर में गैस सिलेंडरों की किल्लत के बीच गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो ने सनसनी फैला दी। वायरल हो रहे इस वीडियो में एक ऑटो रिक्शा में 5 कमर्शियल गैस सिलेंडर ले जाए जाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद शहरवासियों में हड़कंप मच गया।
वीडियो सामने आते ही लोगों ने इसे ब्लैक मार्केटिंग से जोड़ते हुए कड़ी नाराज़गी जताई। कई स्थानीय लोगों का कहना है कि जब आम जनता गैस सिलेंडर के लिए परेशान हो रही है, तब इस तरह खुलेआम सिलेंडरों की ढुलाई कई सवाल खड़े करती है।
सूत्रों के अनुसार, शहर में पिछले कुछ दिनों से गैस की आपूर्ति प्रभावित चल रही है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगा रही हैं।
वहीं, मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। संबंधित विभाग द्वारा वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि सिलेंडर वैध तरीके से ले जाए जा रहे थे या फिर इसमें किसी तरह की अनियमितता शामिल है।
👉 अब देखना होगा कि यह मामला महज एक सामान्य परिवहन का है या फिर इसके पीछे चल रहा है कोई बड़ा खेल!
रिपोर्ट: कमल खड़का



