हरिद्वार (कमल शर्मा)। वैश्य युवा समिति (रजि.), कमला नगर, दिल्ली के तत्वावधान में रविवार को महातीर्थ हरिद्वार के भूपतवाला स्थित शिवम् इन्कलेव में आयोजित संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, रामभक्तों एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता कर प्रभु श्रीराम एवं बजरंगबली के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन से हुआ। इसके उपरांत सुप्रसिद्ध भजन गायक अजय यागनिक ने संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ एवं प्रभु श्रीराम के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। पूरे परिसर में जय श्रीराम और बजरंगबली के जयघोष गूंजते रहे। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता (नंदी), ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्यमंत्री के सचिव एवं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, लोकसभा सांसद सतपाल ब्रह्मचारी सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए समिति के सेवा एवं धार्मिक कार्यों की प्रशंसा की।

वैश्य युवा समिति के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि “सुंदरकाण्ड पाठ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकता, सेवा और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम है। श्रद्धालुओं का अपार स्नेह और सहयोग इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है। भविष्य में भी समिति इसी प्रकार जनहित और धर्महित के कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।”
सचिन निशी गुप्ता ने कहा कि “इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता यह सिद्ध करती है कि समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के प्रति गहरी आस्था है। सभी स्वयंसेवकों और सहयोगियों ने पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।”

ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी समाज को सत्य, सेवा और मर्यादा का संदेश देते हैं। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।”
हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि “धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करते हैं। वैश्य युवा समिति ने अत्यंत अनुशासित एवं भव्य आयोजन कर समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।”

अशोक गुप्ता ने कहा कि “समिति के सभी सदस्यों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं के सामूहिक प्रयास से यह आयोजन ऐतिहासिक बना है। सभी के सहयोग और प्रभु श्रीराम की कृपा से कार्यक्रम पूर्ण सफलता के साथ संपन्न हुआ।”
समिति के कोषाध्यक्ष मुकेश गोयल ने कहा कि “समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग इस आयोजन की सबसे बड़ी पूंजी है। समिति भविष्य में भी धर्म, सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।”

कार्यक्रम के सफल आयोजन में हरिशंकर गुप्ता, सुरेश गुप्ता (सूत वाले), निशी गुप्ता, श्रवण कुमार गुप्ता (बेगे वाले), मुकेश गोयल, त्रिलोक गुप्ता, अजय गुप्ता, आनंद गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, सतीश कुमार गुप्ता (बेगे वाले), प्रदीप गुप्ता, अशोक गुप्ता सहित वैश्य युवा समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन के अंत में समिति ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।










