इम्पैक्ट इंडिया समिट में हुआ सम्मान, पाहवा बोले—समाजसेवा केवल कार्य नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प है
हरिद्वार/नई दिल्ली (कमल शर्मा)। धर्मनगरी हरिद्वार के वरिष्ठ समाजसेवी एवं ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया के संरक्षक श्री जगदीश लाल पाहवा को समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित श्रेष्ठ एनजीओ सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित गांधी पीस फाउंडेशन में बियॉन्ड द थर्ड आई न्यूज़ (Beyond The Third Eye News) द्वारा आयोजित भव्य इम्पैक्ट इंडिया समिट-2026 में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री से सम्मानित श्री कंवल सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही।
श्री जगदीश लाल पाहवा लंबे समय से सामाजिक सरोकारों, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जनकल्याण एवं समाज के सर्वांगीण उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, सेवाभावना और जनहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता ने उन्हें एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। यह सम्मान उनके निरंतर प्रयासों और सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
सम्मान प्राप्त करने पर श्री जगदीश लाल पाहवा ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उन सभी सहयोगियों और समाजसेवियों का सम्मान है, जो निःस्वार्थ भाव से समाज की बेहतरी के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजसेवा उनके लिए महज एक कार्य नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प है। जरूरतमंदों की सहायता, पर्यावरण की रक्षा और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयास करना ही उनके कार्यों का मूल उद्देश्य है।
श्री पाहवा ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को और अधिक बढ़ाते हैं। ये सम्मान जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने, नई ऊर्जा के साथ कार्य करने और समाज के व्यापक हित में योगदान देने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
उन्होंने इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए आयोजन समिति एवं बियॉन्ड द थर्ड आई न्यूज़ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
जगदीश लाल पाहवा को मिला यह सम्मान समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित करने के साथ-साथ उन सभी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो निस्वार्थ भाव से समाज और पर्यावरण के संरक्षण के लिए कार्य कर रहे हैं।
समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए जगदीश लाल पाहवा को मिला श्रेष्ठ एनजीओ सम्मान पुरस्कार-2026













