कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
भाजपा जिला विधि प्रकोष्ठ एवं प्रदेश अध्यक्ष मानवाधिकार ब्यूरो एडवोकेट नवीन कुमार जैन के तत्वावधान में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर पुष्पमाला पहनाकर श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके जीवन एवं विचारों पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इससे पूर्व अधिवक्ता नवीन कुमार जैन ने निगम स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और समतामूलक समाज की स्थापना के उद्देश्य से भारतीय संविधान का निर्माण किया, जो सभी को समान अधिकार प्रदान करता है।
डॉ. अशोक कुमार आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. आंबेडकर ने दलित एवं बौद्ध आंदोलन को नई दिशा दी और छुआछूत जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। उन्होंने यह भी बताया कि उनके महान योगदान के लिए उन्हें ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया।
हरिपाल सिंह आर्य, प्रधान जिला आर्य समाज सभा हरिद्वार, ने कहा कि बाबा साहेब के नाम से विख्यात डॉ. आंबेडकर स्वतंत्र भारत के प्रथम कानून मंत्री थे, जिन्होंने सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी। अधिवक्ता रामगोपाल शर्मा एवं युवा शक्ति के अभिमन्यु ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित राष्ट्रभक्तों ने संविधान की रक्षा हेतु शपथ ग्रहण करते हुए देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अधिवक्ता विनोद शर्मा (उपाध्यक्ष, एडवोकेट्स बार एसोसिएशन), सुनील गोयल, आशीष पंडित एडवोकेट, अशोक कुमार, रामगोपाल शर्मा, अनिल वर्मा, सुधीर चौधरी, सचिन गोंडवाल, कन्हैया ठाकुर, नीरज कपिल, अनुज आत्रेय, राजेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




