जंगलात भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश नाकाम, पुलिस के पहुंचते ही खदेड़े गए कब्जाधारी


हरिद्वार (कमल शर्मा)। चण्डी घाट क्षेत्र में जंगलात भूमि पर अवैध कब्जा करने के प्रयास को पुलिस प्रशासन ने समय रहते विफल कर दिया। देर रात कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा वन भूमि पर जबरन खंभे गाड़कर कब्जा स्थापित करने की कोशिश किए जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने दावा किया कि यह कार्य वन विभाग की जानकारी और सहमति से कराया जा रहा है तथा इस संबंध में उनकी प्रशासनिक और वन विभाग के अधिकारियों से बातचीत भी हो चुकी है। हालांकि, घटनास्थल पर वन विभाग अथवा प्रशासन का कोई अधिकृत अधिकारी मौजूद नहीं था, जिससे स्थानीय लोगों और कब्जा करने का प्रयास कर रहे व्यक्तियों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन को शिकायत दी। शिकायत के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कब्जे के प्रयास को रुकवा दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
प्रशासन ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और वन भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
स्थानीय नागरिकों ने अवैध कब्जे के प्रयास को विफल करने के लिए पुलिस प्रशासन की तत्परता की सराहना की है तथा जंगलात भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *