अखाड़े की अंदरूनी खींचतान और मुकदमेबाजी से आहत होने की चर्चा, अध्यक्ष धूनी दास को भेजा इस्तीफा
हरिद्वार। संतों और अखाड़ों की दुनिया में एक बार फिर हलचल मच गई है। संबंधित सूत्रों के हवाले से पता चला है कि श्री पंचायती अखाड़ा उदासीन नया निर्वाण के नवनियुक्त महामंडलेश्वर करौली शंकर महादेव ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपना इस्तीफा अखाड़े के अध्यक्ष धूनी दास को भेजा है। करीब छह महीने पहले ही महामंडलेश्वर पद पर उनका विधिवत पट्टाभिषेक हुआ था। इतने कम समय में पद छोड़ने के उनके फैसले ने अखाड़े के संतों को भी चौंका दिया है।
कानपुर से हरिद्वार पहुंचे करौली शंकर महादेव ने कम समय में ही अपनी अलग पहचान बनाई। धार्मिक गतिविधियों, अनुयायियों और व्यापक प्रचार-प्रसार के चलते उन्होंने अपना एक बड़ा प्रभाव क्षेत्र स्थापित किया। महामंडलेश्वर बनने के बाद वह लगातार मीडिया की सुर्खियों में भी बने रहे। उनके पट्टाभिषेक को संत समाज में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा गया था।
हालांकि, अखाड़े से जुड़ने के बाद उन्हें जल्द ही वहां की अंदरूनी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि अखाड़े में पहले से ही आपसी विवाद, खींचतान और मुकदमेबाजी का दौर चल रहा है। अखाड़े की इन परिस्थितियों से वह असहज महसूस करने लगे थे। अब उनके इस्तीफे के पीछे भी इन्हीं परिस्थितियों को प्रमुख वजह माना जा रहा है, हालांकि इस्तीफे के वास्तविक कारणों को लेकर उनकी ओर से आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।
गौरतलब है कि अखाड़ों की परंपरा में महामंडलेश्वर का पद धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत प्रतिष्ठित माना जाता है। ऐसे में पद संभालने के महज छह महीने के भीतर इस्तीफा देने का घटनाक्रम कई सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि अखाड़े का नेतृत्व उनके इस्तीफे को स्वीकार करता है या इस मामले में कोई नई पहल की जाती है।
फिलहाल करौली शंकर महादेव के इस्तीफे ने अखाड़े की अंदरूनी व्यवस्थाओं, संतों के बीच समन्वय और संगठनात्मक परिस्थितियों को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।














