प्रेमनगर आश्रम में दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति का आज से आगाज, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे शिरकत; बूथ से विधानसभा तक संगठन को मजबूत करने पर होगा मंथन
हरिद्वार (कमल शर्मा)। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को निर्णायक गति देने की रणनीति तैयार कर ली है। प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पार्टी हरिद्वार की धरती से चुनावी शंखनाद करने जा रही है। 21 और 22 नवंबर को प्रेमनगर आश्रम में आयोजित होने वाली दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में करीब 900 वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और संगठन के प्रमुख कार्यकर्ता जुटेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर व्यापक मंथन होगा।
कार्यसमिति में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन एवं बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 22 नवंबर को हरिद्वार पहुंचकर कार्यसमिति को संबोधित करेंगे।
शुक्रवार को प्रेमनगर आश्रम में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 21 नवंबर को सुबह नौ बजे कार्यसमिति के कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। पहले दिन पार्टी के विभिन्न मोर्चों एवं सात प्रकोष्ठों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। सुबह 11 बजे संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की कार्यसमिति में पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे। इन बैठकों में अब तक किए गए संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा के साथ भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित वरिष्ठ नेता भी इन बैठकों में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि पहले दिन शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसमें संगठन की गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। वहीं 22 नवंबर को विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक होगी। इसमें प्रदेश के विस्तारक, विधानसभा प्रभारी, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य अपेक्षित कार्यकर्ताओं सहित लगभग 900 लोग प्रतिभाग करेंगे।
बूथ की मजबूती से सत्ता की हैट्रिक तक बनेगी रणनीति
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर इतिहास रचना है। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाना तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां निर्धारित करना पार्टी की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति में होने वाला मंथन आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और नई गति प्रदान करेगा।
प्रेसवार्ता में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश मीडिया सह संयोजक विकास तिवारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान, महामंत्री संजीव चौधरी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।













