दीक्षा का अर्थ केवल वेश परिवर्तन नहीं, बल्कि लोभ-लालच और पारिवारिक मोह से ऊपर उठकर प्रभु भक्ति एवं समाज सेवा को समर्पित करना है : स्वामी मेधानंद महाराज
हरिद्वार। वानप्रस्थ आश्रम में आध्यात्मिक वातावरण के बीच स्वामी मेधानंद महाराज के सानिध्य में मुनि किशन को विधिवत दीक्षा प्रदान की गई। इस अवसर पर दीक्षा के आध्यात्मिक महत्व और उसके वास्तविक उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए स्वामी मेधानंद महाराज ने कहा कि दीक्षा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि जीवन की दिशा और उद्देश्य बदलने का संकल्प है। दीक्षा लेने वाला व्यक्ति गृहस्थ जीवन और सांसारिक मोह-माया के बंधनों से ऊपर उठकर अपना जीवन प्रभु चिंतन, साधना और धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित करता है।
स्वामी मेधानंद महाराज ने कहा कि दीक्षा का वास्तविक अर्थ लोभ, लालच, मोह और सांसारिक आकर्षणों का त्याग करना है। दीक्षा के पश्चात व्यक्ति का जीवन व्यक्तिगत स्वार्थों से ऊपर उठकर आध्यात्मिक साधना और समाज के कल्याण के लिए समर्पित हो जाता है। उन्होंने कहा कि दीक्षित व्यक्ति को अपने जीवन में संयम, धैर्य और वैराग्य को अपनाना चाहिए। परिवार और सांसारिक संबंधों के प्रति अनावश्यक मोह अथवा किसी प्रकार का दबाव उसके आध्यात्मिक मार्ग में बाधा नहीं बनना चाहिए। यदि परिवार के सदस्य उसके विचारों से सहमत न हों, तब भी उसे किसी पर अपनी इच्छा थोपने के बजाय अपने संकल्प और साधना के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दीक्षा लेने का उद्देश्य केवल संसार से दूरी बनाना नहीं, बल्कि अपने भीतर आध्यात्मिक चेतना जागृत कर प्रभु के प्रति पूर्ण समर्पण भाव विकसित करना है। सच्चा दीक्षित वही है, जो अपने आचरण, विचार और कर्मों से समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करे।
वहीं दीक्षा ग्रहण करने के बाद मुनि किशन ने कहा कि आज से उनके जीवन का उद्देश्य अपने गुरुजनों के आदेशों का पालन करना और उनके बताए मार्ग पर चलते हुए आर्य समाज के कारवां को आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि गुरुजनों द्वारा जो भी जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जाएगी, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से निर्वहन करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि आर्य समाज के विचारों, सिद्धांतों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
मुनि किशन ने अपने गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दीक्षा उनके जीवन की नई आध्यात्मिक शुरुआत है। अब उनका जीवन धर्म, गुरु सेवा और आर्य समाज के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित रहेगा।
दीक्षा के इस अवसर ने उपस्थित लोगों को त्याग, तपस्या, गुरु भक्ति और आध्यात्मिक जीवन के महत्व का संदेश दिया।













