भारी जनसमर्थन के साथ डाम कोठी पहुंचे स्वामी राम मुनि महाराज, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रखी अपनी राजनीतिक मंशा
हरिद्वार (कमल शर्मा)। धर्मनगरी हरिद्वार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी राम मुनि जी महाराज ने भारी जनसमर्थन के साथ डाम कोठी पहुंचकर आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विधायक पद की दावेदारी पेश की। उनके इस कदम को क्षेत्र की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी राम मुनि जी महाराज ने कहा कि “हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं को समझना मेरी प्राथमिकता है। क्षेत्र का समग्र विकास, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार तथा ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं का समाधान बेहद जरूरी है। मैं राजनीति को जनसेवा का माध्यम मानता हूं और जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ना चाहता हूं।”
महाराज श्री ने आगे कहा कि क्षेत्र की जनता का स्नेह, विश्वास और समर्थन उनके लिए महत्वपूर्ण है। यदि उन्हें जनप्रतिनिधि के रूप में सेवा करने का अवसर मिलता है तो वे हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
डाम कोठी पहुंचने के दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी ने इस राजनीतिक दावेदारी को चर्चा का विषय बना दिया। अब आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार ग्रामीण सीट पर स्वामी राम मुनि जी महाराज की दावेदारी को लेकर राजनीतिक गतिविधियों पर लोगों की नजरें रहेंगी।
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा में चुनावी हलचल तेज, महामंडलेश्वर स्वामी राम मुनि महाराज ने पेश की विधायक की दावेदारी













