1 नवंबर को भजन, गंगा आरती और श्री चित्रगुप्त कथा का भव्य आयोजन, 2 नवंबर को राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में जुटेंगे देशभर के कायस्थ समाज के प्रतिनिधि
हरिद्वार (कमल शर्मा)। धर्मनगरी हरिद्वार में इस बार भगवान श्री चित्रगुप्त जी का कथा महोत्सव भव्य एवं दिव्य स्वरूप में आयोजित होने जा रहा है। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की उत्तराखंड टीम की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक महोत्सव में भगवान श्री चित्रगुप्त जी की कथा के साथ मां गंगा की भव्य आरती, भजन संध्या, स्वास्थ्य शिविर और राष्ट्रीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस आयोजन में देशभर से कायस्थ समाज के श्रद्धालु एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।

आयोजकों के अनुसार, 1 नवंबर को हरिद्वार के भूपतवाला स्थित चित्रकूट आश्रम के सामने गंगा तट पर कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3 बजे भजन-कीर्तन के साथ होगा। शाम 5 बजे गंगा तट पर मां गंगा की भव्य आरती की जाएगी। इसके पश्चात शाम 7 बजे चित्रकूट आश्रम में चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज के श्रीमुख से भगवान श्री चित्रगुप्त जी की पावन कथा का शुभारंभ होगा, जो रात्रि लगभग 10 बजे तक चलेगी। कथा के उपरांत चित्रकूट घाट पर भव्य भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि हिंदुस्तान में पहली बार अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की उत्तराखंड टीम द्वारा ऋषिकेश से भगवान श्री चित्रगुप्त जी की कथा का शुभारंभ किया गया था। स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज के सानिध्य में यह धार्मिक परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है। इस आयोजन का उद्देश्य भगवान श्री चित्रगुप्त जी की महिमा का प्रचार-प्रसार करना और समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोध कांत सहाय के नेतृत्व में होगी बैठक
महोत्सव के दूसरे दिन 2 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुबोध कांत सहाय के नेतृत्व में होने वाली इस बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं देशभर से आए प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में संगठन की मजबूती, सामाजिक एकजुटता और भावी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की जाएगी।

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी बनेगा आकर्षण
धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सेवा का संदेश देते हुए 1 नवंबर को चित्रकूट आश्रम में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा। इसमें लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त की जांच तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया जाएगा। इस पहल से श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

कार्यक्रम की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने दी, जबकि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने आयोजन के उद्देश्यों एवं तैयारियों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. मुकेश श्रीवास्तव, श्री रवि पिलई, श्री मुकुल श्रीवास्तव, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंद्रसेन श्रीवास्तव, उत्तराखंड संगठन मंत्री सुशील सक्सेना, कोषाध्यक्ष नितेश सक्सेना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुरारी प्रसाद, राहुल वर्मा, उत्तराखंड संरक्षक विभाग सक्सेना, महंत विश्वास सक्सेना, आशीष श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश मीडिया प्रभारी आमोद श्रीवास्तव तथा उत्तराखंड मीडिया प्रभारी विक्रम श्रीवास्तव सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
धर्म, आस्था, संगठन और सेवा के संगम के रूप में आयोजित होने वाला यह महोत्सव हरिद्वार की धार्मिक गरिमा को और अधिक भव्यता प्रदान करेगा।













