देहरादून। अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य में 1 अक्टूबर को देहरादून स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नीबूवाला गढ़ीकैंट के सभागार में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों और क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं समाज कल्याण मंत्री खजान दास सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसी क्रम में सामाजिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं क्रीड़ा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वरिष्ठ समाजसेवी प्रकाश जोशी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के हाथों मिले इस सम्मान को उन्होंने अपने जीवन की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि यह सम्मान समाज के प्रति निरंतर सेवा और सकारात्मक कार्य करने की प्रेरणा को और मजबूत करेगा।

कार्यक्रम में कैंट विधायक सविता कपूर, सचिव समाज कल्याण विभाग डॉ. श्रीधर बाबू आईएएस, निदेशक समाज कल्याण संजय कुमार आईएएस तथा पद्मश्री से सम्मानित डॉ. माधुरी बर्थवाल सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान विभाग के संयुक्त निदेशक जी.आर. नौटियाल, अपर सचिव मुख्यमंत्री, निदेशक अल्पसंख्यक संजय टोलिया तथा अपर सचिव समाज कल्याण विक्रम यादव से भी आत्मीय भेंट हुई।
वरिष्ठ समाजसेवी प्रकाश जोशी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की वह धरोहर हैं, जिनके अनुभव, संघर्ष और जीवन मूल्यों से नई पीढ़ी को दिशा मिलती है। उम्र जीवन की सक्रियता में बाधा नहीं, बल्कि अनुभव को समाज के हित में लगाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाजसेवा, संस्कृति, अध्यात्म और खेल जैसे क्षेत्रों में किया गया कार्य तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज की अगली पीढ़ी तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों प्राप्त यह सम्मान उनके लिए केवल प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा से निभाने का संकल्प है।













