“स्वच्छता में सहभागिता • स्वच्छ भारत • विकसित भारत”इंद्रा बस्ती, संदेश नगर कनखल एवं त्रिमूर्ति नगर ज्वालापुर में सामुदायिक बैठक के माध्यम से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति जागरूकता

स्वच्छता ही सेवा 2026

हरिद्वार, 21 सितंबर 2026। निर्मल हरिद्वार परियोजना के अंतर्गत Development Alternatives (DA) एवं आदर्श युवा समिति (AYUS) के संयुक्त सहयोग से कनखल क्षेत्र की इंद्रा बस्ती, संदेश नगर तथा ज्वालापुर के त्रिमूर्ति नगर में सामुदायिक जागरूकता बैठकों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 125 समुदाय सदस्यों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।

बैठकों का उद्देश्य समुदाय को निर्मल हरिद्वार परियोजना, गीले एवं सूखे कचरे के स्रोत स्तर पर पृथक्करण, Single Use Plastic (SUP) के दुष्प्रभाव एवं उसके उपयोग को कम करने, Non-Mechanized Composting (NMC), Organic Waste Converter (OWC), Material Collection Facility (MCF) तथा हॉटस्पॉट सौंदर्यीकरण के संबंध में जागरूक करना रहा।

बैठक के दौरान परियोजना टीम द्वारा समुदाय के सदस्यों को घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने, प्लास्टिक कचरे को खुले में न फेंकने, खुले में कचरा न डालने तथा निर्धारित कचरा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

साथ ही, समुदाय को बताया गया कि सिंगल यूज प्लास्टिक का अनावश्यक उपयोग पर्यावरण एवं स्वच्छता व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकता है। लोगों से दैनिक जीवन में पुनः उपयोग किए जा सकने वाले कपड़े या अन्य टिकाऊ विकल्पों को अपनाने तथा प्लास्टिक कचरे को उचित तरीके से अलग कर संग्रहण व्यवस्था में देने की अपील की गई।

बैठक में समुदाय के सदस्यों ने अपने क्षेत्रों में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन से संबंधित स्थानीय समस्याओं एवं चुनौतियों को साझा किया। परियोजना टीम द्वारा उनकी समस्याओं को सुना गया तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं के अनुसार समाधान एवं आवश्यक सहयोग के संबंध में जानकारी दी गई।

प्रतिभागियों को बताया गया कि कचरे का सही पृथक्करण एवं उचित निस्तारण न केवल क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहायक है, बल्कि गीले कचरे से कम्पोस्ट तैयार करने तथा सूखे कचरे के पुनर्चक्रण को भी बढ़ावा देता है।

बैठक के दौरान समुदाय के सदस्यों ने गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण करने, Single Use Plastic के उपयोग को कम करने, खुले में कचरा न डालने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करने की सहमति व्यक्त की। साथ ही, लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा अन्य नागरिकों को भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में नगर निगम हरिद्वार की ओर से पर्यावरण पर्यवेक्षक बलराम एवं दीपक तथा सुपरवाइजर रीतु उपस्थित रहीं। DA टीम से निरंजन सिंह एवं कमल पोखरियाल तथा AYUS टीम से प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर पवन कुमार सैनी, सुपरवाइजर अमित कुमार, पूजा, राहुल, अनिता, ममता एवं ज्योति सहित अन्य टीम सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समुदाय सदस्यों ने निर्मल, स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार के लक्ष्य को साकार करने के लिए अपने स्तर पर सहयोग करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *