खेल महाकुम्भ-2026 की तैयारियां तेज, मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

हरिद्वार, 4 अगस्त 2026

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को खेल महाकुम्भ-2026 के सफल आयोजन को लेकर जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्याय पंचायत, विधानसभा एवं संसदीय क्षेत्र स्तर पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस वर्ष भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ जनप्रतिनिधि खेल प्रतियोगिता, विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी, सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी तथा मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली न्याय पंचायत, विधानसभा एवं संसदीय क्षेत्र को संबंधित ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। वहीं राष्ट्रीय स्तर का रिकॉर्ड तोड़ने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार की ओर से एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी आयोजन समितियों से निष्पक्ष, पारदर्शी एवं हरित खेल महाकुम्भ आयोजित करने का आह्वान करते हुए प्रतियोगिताओं से पहले स्वच्छता शपथ एवं श्रमदान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन,आवास,चिकित्सा, पेयजल, स्वच्छता तथा बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारियों एवं खण्ड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही खेल महाकुम्भ के 10वें संस्करण के अवसर पर पूर्व वर्षों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को विशेष रूप से आमंत्रित कर युवाओं को प्रेरित करने तथा लगभग 100 खिलाड़ियों का पूल तैयार कर खेलों के विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ,जिला क्रीड़ाधिकारी,जिला पंचायत राज अधिकारी,मुख्य शिक्षाधिकारी, जिला सूचना अधिकारी,पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी उपजिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी,खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिकारी lऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *