अस्मिता फाउंडेशन की बैठक में समाजसेवा को नई दिशा देने का संकल्प, पद्म प्रकाश शर्मा व हरनारायण गुप्ता बने संरक्षक

हरिद्वार (कमल शर्मा)। अस्मिता फाउंडेशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आज नेहरू युवा केंद्र के अध्यक्ष के कक्ष में संस्था की अध्यक्ष श्रीमती नीता नैयर की अध्यक्षता तथा सचिव श्रीमती मानसी मिश्रा की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में समाजसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर श्री पद्म प्रकाश शर्मा, अध्यक्ष नेहरू युवा केंद्र तथा श्री हरनारायण गुप्ता, पूर्व महाप्रबंधक बीएचईएल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक के दौरान संस्था की कोषाध्यक्ष ने सदस्यों के सदस्यता शुल्क का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सभी सदस्यों से 25 सितंबर तक सदस्यता शुल्क जमा कराने की अपील की। साथ ही संस्था के आगामी कार्यक्रमों एवं भविष्य में संभावित खर्चों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए आर्थिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। बैठक में संस्था के पिछले कार्यकलापों की समीक्षा करते हुए आगामी समाजसेवी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई।

बैठक का विशेष आकर्षण उस समय रहा, जब सर्वसम्मति से श्री पद्म प्रकाश शर्मा एवं श्री हरनारायण गुप्ता को अस्मिता फाउंडेशन का संरक्षक घोषित किया गया। दोनों वरिष्ठजनों ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद देने का विश्वास दिलाया। उनके संरक्षक का दायित्व स्वीकार करने से संस्था के सदस्यों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ।
बैठक में महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, जनकल्याण तथा जरूरतमंदों की सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने संस्था के सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर श्रीमती नीता नैयर, श्री मनोज कुमार कंबोज, श्री हरनारायण गुप्ता, श्रीमती सुमन अस्थाना, श्री पद्म प्रकाश शर्मा, श्री विमलेश गौर, श्रीमती मानसी मिश्रा, श्रीमती मोनिका राय एवं श्रीमती आरती मेहता सहित संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में अस्मिता फाउंडेशन परिवार ने दोनों नवनियुक्त संरक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से संस्था समाजसेवा, महिला सशक्तीकरण, सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *