मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन पर रक्तदान से दिया सेवा का संदेश, मंडी समिति में उमड़ा रक्तदाताओं का उत्साह


हरिद्वार (कमल शर्मा)। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के 51वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में बुधवार को श्रम विभाग एवं कृषि उत्पादन मंडी समिति हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में कर्मचारियों, व्यापारियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने का संकल्प लिया।
शिविर का तकनीकी सहयोग श्री स्वामी भूमानंद जीवन रक्षक ब्लड सेंटर, हरिद्वार द्वारा किया गया। रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।


कृषि उत्पादन मंडी समिति हरिद्वार के सचिव श्री लवकेश गिरी ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे बढ़कर मानव सेवा का कोई दूसरा माध्यम नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का उद्देश्य जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि मंडी समिति भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाती रहेगी।


उन्होंने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। युवाओं को विशेष रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में किसी जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
शिविर में श्री स्वामी भूमानंद सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं जीवन रक्षक ब्लड सेंटर की टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक जांच एवं रक्त संग्रह की प्रक्रिया पूरी की। आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी लोगों का आभार जताते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *